अफसार की तलाश में जुटी पुलिस
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के भैरपुरा खजुरिया निवासी अफसार अली की तलाश में पुलिस व संयुक्त टीमें दबिश दे रही हैं। उसके बेटे सद्दाम समेत पीलीभीत के हजारा थाना क्षेत्र के टिल्ला नंबर चार निवासी हरवंश उर्फ सोनू व गुरनाम सिंह को जेल भेज दिया गया है। इनके साथी टिल्ला नंबर चार के प्रकाश व भैरपुरा के सचिन की तलाश हो रही है। अब तक की जांच में पता लगा है कि टिल्ला नंबर चार गांव नेपाल सीमा से सटा हुआ होने के नाते तस्करों के लिए काफी मुफीद है।
सोनू और गुरनाम से पूछताछ और उनके मोबाइल की जांच से पता लगा है कि जाली नोट समेत सीमा पार से तस्करी के लिए वहां के कुछ गांव चर्चित हैं। यहां के लोगों का अक्सर नेपाल आना-जाना लगा रहता है। स्थानीय होने की वजह से सुरक्षा एजेंसियां इन पर खास शक नहीं करतीं। यह भी पता लगा कि सीमावर्ती इलाके में सोने की ईंट, नागमणि, दोमुंहा सांप, कछुआ तस्करी जैसी चीजों के जरिये ठगी हो रही है। अधिकारियों के मुताबिक नकली नोट के अलावा अन्य मामलों में संलिप्त शातिर भी जल्द पकड़ में आ सकते हैं।