विधायक बोले- जर्जर व संकरे पुल पर आए दिन हो रहे हादसे
नवाबगंज। खस्ताहाल कुंडरा कोठी मार्ग के चौड़ीकरण और अप्सरा नदी पर बने जर्जर पुल की जगह दूसरा पुल बनवाने की मांग क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य ने विधानसभा में उठाया। क्षेत्रीय लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए जल्द ही बजट जारी कर दोनों जगह काम शुरू कराने की मांग की।
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक ने सदन को बताया कि कुंडरा कोठी मार्ग खस्ताहाल हो चुका है। यहां आए दिन वाहन सवार चोटिल हो रहे हैं। वहीं, अप्सरा नदी पर बना पुल संकरा होने के चलते यहां भी हादसे होते हैं। पुल जर्जर भी हो चुका है।
उन्होंने कहा कि नवाबगंज में मुंसिफ कोर्ट के लिए जगह उपलब्ध करा दी गई है। यहां चहारदीवारी भी हो चुकी है। धनराशि अवमुक्त हो तो यहां काम शुरू कराया जाए। उन्होंने महावट जाति को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की भी मांग की है।