बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में वारंटी को पकड़ने उसके घर दबिश देने गई पुलिस टीम पर महिलाओं व पुरुषों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों ने भागकर जान बचाई। पुलिस ने सात नामजद समेत तीन-चार अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक थाने के गांव खतौला कासिमपुर निवासी नसीम का कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। थाने के दरोगा शिवम तोमर व कांस्टेबल विनीत कुमार बुधवार दोपहर डेढ़ बजे नसीम को पकड़ने उसके घर गए थे। इस दौरान उसके घर की महिलाओं व पुरुषों ने लाठी-डंडों से पुलिस पर हमला कर दिया।
पुलिस ने संदिग्ध लोगों को पकड़ा
पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। मौका पाते ही नसीम खां घर के पीछे से कूदकर भाग गया। हमले में घायल दोनों पुलिसकर्मियों ने गांव के बाहर आकर सूचना थाने पर दी। थाने से फोर्स पहुंचने पर अन्य आरोपी भी भाग गए। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया और थाने ले आई।
सीओ द्वितीय सोनाली मिश्रा ने बताया कि दोनों घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने नसीम खां, उसकी पत्नी हनीफा, उसके भाई, नथिया, हुस्नआरा, रेहान व शबाना समेत सात लोगों को नामजद कर तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।