बरेली। बरेली कॉलेज में एलएलबी के प्रथम सेमेस्टर के छात्रों के साथ सीनियर छात्रों के रैगिंग करने की कोशिश की घटना की जांच तेज हो गई है। एंटी रैगिंग कमेटी ने इस प्रकरण को लेकर शनिवार और रविवार को चीफ प्राक्टर सहित एलएलबी के विभागाध्यक्ष व कई अन्य शिक्षकों के बयान दर्ज किए। घटना के दौरान मौजूद रहे एलएलबी के प्रथम सेमेस्टर के छात्रों से पूछताछ सोमवार को की जाएगी। इस मामले में एक्ट की जानकारी करने सहित कई बिंदुओं पर चर्चा करने के लिए कमेटी ने आठ दिसंबर को कमेटी के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।
बुधवार को बरेली कॉलेज में एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की कक्षा में दूसरे सेमेस्टर के सीनियर छात्रों ने घुसकर रैगिंग करने की कोशिश की थी। जूनियर छात्रों ने इसका विरोध किया तो कक्षा समाप्त होने के बाद जूनियर व सीनियर छात्रों के गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस प्रकरण में छात्रनेता राशिद मेवाती के साथ मधुमेश, संजय सहित दस-बारह अन्य छात्रों के नाम सामने आए थे। राशिद पर केस दर्ज कराते हुए बरेली कालेज प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच एंटी रैगिंग कमेटी को दे दी है।
कमेटी के संयोजक एचवी गौतम ने इस मामले में शनिवार और रविवार को एलएलबी के विभागाध्यक्ष डॉ. नसीम अख्तर के साथ धर्मेंद्र कुमार सिंह, डॉ. प्रदीप जागर से पूछताछ करते हुए उनके बयान लिए। साथ ही चीफ प्राक्टर डॉ. वंदना शर्मा से भी घटना को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई है। एंटी रैगिंग कमेटी सोमवार को एलएलबी की कक्षाएं शुरू होने पर प्रथम सेमेस्टर के उन छात्र-छात्राओं से भी पूछताछ करेगी, जिनके सामने बुधवार को पूरा घटनाक्रम हुआ था। कमेटी इन सभी विद्यार्थियों के नाम-पते आदि का ब्योरा पहले ही ले चुकी है। उधर इस घटना के आरोपी छात्रों को भी पूछताछ के लिए जल्द ही बुलाने की तैयारी है। आठ दिसंबर को एंटी रैगिंग कमेटी के सभी 25 सदस्यों की बैठक भी बुलाई गई है। इसमें महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है।
रैगिंग की कोशिश की घटना के संबंध में विधि विभाग के विभागाध्यक्ष सहित कई शिक्षक व चीफ प्रॉक्टर के बयान लिए जा चुके हैं। इसके बाद घटना के वक्त कक्षा में मौजूद रहे विद्यार्थियों से भी पूछताछ की जाएगी। -एचवी गौतम, संयोजक, एंटी रैगिंग कमेटी