बोले- ऐसी तो कोई बात ही नहीं हुई थी कि गोली मार दी जाए
बरेली। बैंक ऑफ बड़ौदा की स्टेशन रोड शाखा में मास्क को लेकर कहासुनी के दौरान गार्ड केशव प्रसाद की गोली से घायल रेलकर्मी राजेश कुमार अब भी दहशत में हैं। गार्ड ने बहुत नजदीक से गोली चलाई थी, इससे जांघ की हड्डी सात जगह से टूट गई है। छोटे भाई मुकेश ने जब राजेश से घटना के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया तो बोले- ऐसी तो कोई बात ही नहीं हुई थी कि गोली मार दी जाए। बस, इतना कहकर राजेश की हालत बिगड़ने लगी तो मुकेश ने आगे उनसे कोई बात नहीं की।
राजेश का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। छोटे भाई मुकेश ने बताया कि शनिवार रात हालत में कुछ सुधार देखकर उन्होंने घटना के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया था। मगर उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि ऐसी तो कोई बात ही नहीं थी कि गोली मार दी जाए। इतना कहकर राजेश घबराने लगे। मुंह भी सूखने लगा तो आगे उन्होंने बात नहीं की। मुकेश ने कहा कि भाई की स्थिति में सुधार होने के बाद वह दोषियों पर कार्रवाई के लिए पैरवी करेंगे। उनका कहना है कि गार्ड से ज्यादा बैंक प्रबंधन इस घटना के लिए जिम्मेदार है। गार्ड ने तो सिर्फ गोली ही मारी लेकिन बैंक प्रबंधन उन्हें जमीन पर तड़पता छोड़कर अपने काम में मशगूल रहा।
अब भी कई छर्रे जांघ में फंसे
राजेश का इलाज कर रहे डॉ. मनोज हिरानी ने बताया कि गोली बहुत नजदीक से मारी गई है। इसकी वजह से जांघ की मुख्य हड्डी (फीमर बोन) सात जगह से टूट गई है। इनमें तीन बड़े फ्रैक्चर हैं। फिलहाल पैर की सर्जरी कर दी गई है लेकिन गोली लगने की वजह से उनका खून बहुत बह गया है। इससे ब्लडप्रेशर और हीमोग्लोबिन का स्तर अभी कम है। चार यूनिट खून चढ़ाया जा चुका है। दो यूनिट खून का और इंतजाम करने को कहा गया है। उनके पैर से काफी छर्रे निकाल दिए गए हैं लेकिन अब भी कई छर्रे फंसे हुए हैं, जो धीरे-धीरे निकलेंगे।