आंवला। पुलिस की गिरफत में आरोपी-संवाद
गांव जगन्नाथपुर में 27 दिसंबर की रात का मामला, दोनों आरोपी गिरफ्तार
सिरौली। गांव जगन्नाथपुर में कुछ दिनों पहले हुई बुजुर्ग की हत्या मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इसमें बुजुर्ग की हत्या उसकी पूर्व प्रेमिका ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर गला दबाकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेजा है।
27 दिसंबर की रात गांव जगन्नाथपुर में घर में सोते हुए 60 वर्षीय ग्रामीण जानकी प्रसाद की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भाई नेकपाल ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने खुलासे के लिए टीम गठित कर दी थी, जिसकी मॉनिटरिंग स्वयं इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह कर रहे थे। जांच में सामने आया कि जानकी प्रसाद का आरोपी महिला से 20 साल से अवैध संबंध था।
इसके बाद पेशेवर महिला ने जानकी को छोड़कर दूसरे प्रेमी पप्पू से प्रेम-प्रसंग शुरू कर दिया था। इसको लेकर जानकी की हीराकली से कहासुनी होती थी। इस बात से नाराज होकर महिला हीराकली ने प्रेमी पप्पू के साथ मिलकर जानकी प्रसाद की हत्या करने की षड्यंत्र को रचा। इसी क्रम में 27 दिसंबर की रात महिला जानकी के घर गई और अपने प्रेमी पप्पू के साथ सोते हुए जानकी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को दलीपपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया है। इधर, सीओ अंजनी कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है। संवाद