नवाबगंज। अपनी शादी से तीन दिन पहले क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती प्रेमी के घर पहुंच गई। वह प्रेमी के साथ ही शादी कराने की जिद पर अड़ी है। दूसरी ओर युवती के पिता ने उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने युवती को मेडिकल के लिए भेजने के साथ ही उसके प्रेमी को भी हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का गांव के युवक से प्रेम-प्रसंग है। जाति अलग-अलग होने की वजह से युवती का परिवार रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुआ। पिता ने बहेड़ी क्षेत्र के एक युवक से बेटी की शादी तय कर दी। तीन दिन बाद बरात आनी है। इसको लेकर परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था।
शनिवार को देर शाम युवती प्रेमी के घर पहुंच गई। उसने प्रेमी से ही शादी करने की बात कही। जानकारी होने पर पिता ने थाने पर तहरीर देकर बेटी के प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप लगाया कि बेटी को फुसलाकर ले जाया गया है। गांव पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई।
कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है। युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसमें वह जिसके साथ जाने की सहमति देती है उसी के साथ उसे भेज दिया जाएगा।