मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस साल दूसरी बार बरेली आने की अटकलें हैं। लखनऊ के पंचम तल से प्रशासन को इस आशय के संकेत दिए गए हैं। हालांकि अभी तक सीएम के आगमन का लिखित प्रोग्राम जारी नहीं हुआ है। इस बार मुख्यमंत्री जिला जेल का लोकार्पण करने आएंगे। वह अक्टूबर के पहले या दूसरे हफ्ते बरेली आ सकते हैं।
वर्ष 2016 के मई माह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बदायूं रोड का लोकार्पण करने चौबारी मोड़ पर आए थे। अब इस साल सीएम का बरेली का दूसरा दौरा होगा। सीएम के आगमन के पंचम तल से मोबाइल पर मौखिक संकेत मिलने के बाद प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। सूत्रों की मानें तो सीएम सौ करोड़ से ज्यादा के कामों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा सीएम शहामतगंज में 30.30 करोड़ की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर और 45 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनने वाले आईवीआरआई फ्लाईओवर समेत सरकार में शुरू होने वाले अन्य कामों का शिलान्यास भी करेंगे। इनकी सूची भी तैयार कराई जा रही है। जिला जेल परिसर के बाहर मुख्यमंत्री की जनसभा का खाका तैयार किया जा रहा है। हालांकि ये जनसभा में जुटने वाली भीड़ पर निर्भर करेगा। अफसर हेलीपैड के स्थल पर माथापच्ची में जुटे हैं। सीडीओ शिवसहाय अवस्थी ने बताया कि सीएम के आने को देखते हुए तैयारियां चल रही है।