बरेली। कहावत है कि मन के हारे हार है, मन के जीते जीत। इस बात को सच साबित कर रहे हैं दो युवा एथलीट अयोध्या के दीपक कुमार और बीसलपुर की सविता। आर्थिक तंगी, चोट और सीमित संसाधनों से जूझते हुए इन दोनों खिलाड़ियों ने खुद को खेल के मैदान में पूरी तरह झोंक दिया है। देश के लिए खेलने और ओलंपिक का टिकट पाने के सपने को पूरा करने के लिए दोनों रेलवे स्टेडियम में कोच अजय कश्यप के निर्देशन में पसीना बहा रहे हैं।
दीपक कुमार (23) ने डेढ़ साल पहले यूट्यूब पर बरेली के रेलवे स्टेडियम का वीडियो देखा था। इसके बाद वह अपने सपनों को पूरा करने यहां आ गए। दीपक 10 और 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के खिलाड़ी हैं। अब तक वह 10 स्वर्ण सहित कुल 40 पदक जीत चुके हैं। फरवरी में आयोजित बीएसएफ मैराथन में उन्होंने 10वां स्थान हासिल किया था। वह राजेंद्रनगर में किराये के मकान में रहते हैं। छह महीने पहले एक प्रतियोगिता के दौरान उनकी कमर में गंभीर चोट लगी थी। चोट से उबरने के बाद वह दोगुनी ताकत से अभ्यास में जुट गए हैं।
सविता का लक्ष्य ओलंपिक में भाग लेना
15 वर्षीय सविता 800 और 1,500 मीटर दौड़ की प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। अब तक वह 50 स्वर्ण सहित 80 पदक जीत चुकी हैं। मध्यमवर्गीय परिवार की सविता सात महीने पहले रेलवे स्टेडियम आईं। घर से मिलने वाली आर्थिक मदद से उनका खर्च पूरा नहीं हो पाता है। वह नौकरी करना चाहती हैं, लेकिन कम उम्र आड़े आ जाती है। कुछ समय पहले एक प्रतियोगिता में उनके हाथ और पैर में चोट लग गई थी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और ट्रैक पर वापसी की। सविता का लक्ष्य ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना है।