बरेली। केपीआरसी कला केंद्र कन्या इंटर कॉलेज में गबन के आरोप में बर्खास्त चल रहीं पूर्व प्रधानाचार्य ने कक्ष और परीक्षा से संबंधित अलमारी की चाबियां कॉलेज प्रबंधक को सौंप दी और सोमवार से प्रधानाचार्य कक्ष खोल दिया गया। इसके बाद अब डीआईओएस ने कॉलेज प्रशासन को जल्द वार्षिक परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, पिछले दिनों गबन के आरोप के चलते केपीआरसी कला केंद्र इंटर कॉलेज के प्रबंधक अवध कुमार अग्रवाल ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य ममता कुमारी की सेवा समाप्त कर दी थी। वहीं उनके स्थान पर दीपा शर्मा को कार्यभार सौंप दिया था। ममता कुमारी का प्रकरण डीआईओएस कार्यालय में लंबित है। इसके बाद भी प्रधानाचार्य कक्ष, परीक्षा से संबंधित अलमारी और अन्य अलमारियों की चाबियां अभी तक नहीं दीं हैं। इसके चलते 17 फरवरी से होने वाली गृह परीक्षाओं को लगातार टालना पड़ रहा है। इस मामले में बृहस्पतिवार को डीआईओएस के स्तर से नियुक्त पर्यवेक्षक सह जिला विद्यालय निरीक्षक जीसी यादव स्कूल पहुंचे। प्रबंधक ने ममता कुमारी को भी स्कूल पहुंचकर चाबियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था मगर वह नहीं आई। फोन पर वार्तालाप के दौरान उन्होंने बताया कि वह बाहर हैं। इसके बाद ममता को रविवार तक चाबियां न सौंपने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। डीआईओएस डाॅ. अजीत कुमार ने बताया कि बर्खास्त प्रधानाचार्य ममता कुमारी ने प्रबंध समिति की मौजूदगी में प्रधानाचार्य कक्ष और उसमें रखीं अलमारियों की चाबियां सौंप दी हैं। संवाद