बरेली। प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली युवती को एक युवक ने अपने झांसे में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया। युवती ने शादी न करने पर जब पुलिस के पास जाने की धमकी दी तो उसके अश्लील वीडियो पास होने का दावा कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित युवती ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय में इसकी शिकायत की।
पीड़ित युवती फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। एसएसपी कार्यालय में की गई शिकायत में उसने बताया कि 2014 में रुद्रपुर में एक कंपनी में काम करने के दौरान उसकी वहीं के रहने वाले युवक से जान पहचान हो गई। बातचीत बढ़ी तो युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। कई बार वह उसे अलग-अलग जगह बुलाता रहा और जल्द शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। पांच जनवरी को पीड़ित युवती जब उसके घर पहुंची तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। युवती ने जब उसे पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो उसने युवती के अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।