बरेली। बैंकिंग समस्या से अनजान बुजुर्ग पेंशन के लिए ब्लॉक, बैंक शाखा और विकास भवन तक की दौड़ लगा रहे हैं। इसके बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। बुजुर्गों का कहना है कि विभाग के चक्कर लगाते-लगाते उनका दम फूलने लगा है।
समस्या का समाधान न होने पर वह आईजीआरएस पर भी शिकायत कर रहे हैं, वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) से उनके खातों की मैपिंग न होने का तथ्य दर्शाकर शिकायत निस्तारित कर दी जा रही है। वृद्धावस्था पेंशन के कई लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृति के बावजूद एनपीसीआई मैपिंग की वजह से अटकी है। इससे अधिकतर बुजुर्ग परेशान हैं।
शिकायत करने पर भी नहीं हो रही सुनवाई
केस-1
बिथरी चैनपुर ब्लॉक के पुरनापुर की चंपा देवी की पेंशन 23 अक्तूबर 2024 से स्वीकृत है। इन्हें अभी तक एक भी किस्त नहीं मिली है। कई बार विकास भवन भी आईं। आईजीआरएस पर शिकायत की, लेकिन पेंशन आनी शुरू नहीं हुई है। इनकी पेंशन के खाते में एनपीसीआई मैपिंग न होने की समस्या है।
अभिलेख पूरे होने के बावजूद नहीं आ रही पेंशन
केस-2
मीरगंज के लखीमपुर के खंजन लाल की पेंशन 28 जनवरी 2025 को स्वीकृत हुई। आधार प्रमाणीकरण भी हो चुका है, पर अब तक पेंशन आनी शुरू नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बैंक वाले कह रहे हैं कि समाज कल्याण विभाग कार्यालय में पता करो और यहां कर्मी बैंक में जाने के लिए कह रहे हैं।
कार्यालय के चक्कर काटकर थक चुके
केस-3
बिथरी चैनपुर के केसरपुर की जैदा को भी अब तक पेंशन नहीं मिल सकी है। ये भी बैंक, ब्लाॅक व समाज कल्याण विभाग के कार्यालय की दौड़ लगा रही हैं। बताया गया कि इनके बैंक खाते से समाज कल्याण विभाग को पीएफएमएस रिस्पांस नहीं मिला है। इसके निस्तारण के बाद ही इन्हें पेंशन राशि मिल पाएगी।
वर्जन
एनपीसीआई के माध्यम से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में आती है। यह प्रक्रिया पेंशन खाते को एनपीसीआई पोर्टल पर आधार से लिंक करने से संबंधित है। पेंशन की धनराशि का भुगतान निदेशालय समाज कल्याण से एनपीसीआई के माध्यम से आधार बेस्ड खाते में ही होता है। - सुधांशु शेखर, जिला समाज कल्याण अधिकारी
आधार कार्ड लेकर लाभार्थी अपनी बैंक शाखा जाएं और एनपीसीआई मैपिंग करा लें। कई बार लाभार्थी अपने अन्य खातों में भी एनपीसीआई मैपिंग करा लेते हैं। इसलिए साॅफ्टवेयर पहले के खाते में हुई मैपिंग को रिजेक्ट कर देता है और पेंशन आनी बंद हो जाती है। लाभार्थी को उसी खाते में एनपीसीआई मैपिंग करानी चाहिए, जिस खाते में पेंशन आ रही है। - विकास नेगी, शाखा प्रबंधक-बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा विकास भवन