फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शराबी बारातियों का उत्पात, दुल्हन ने लौटाई बारात

Mon, 01 May 2017 12:43 AM IST
बिशारतगंज।
विज्ञापन
शराबी के उत्पात, दुल्हन ने लौटाई बारात - फोटो : शराबी के उत्पात, दुल्हन ने लौटाई बारात
विज्ञापन
शराब की दुकानों के खिलाफ समाज खासतौर से महिलाओं का गुस्सा बीते कुछ दिनों में साफ नजर आया। बिशारतगंज के गांव इस्माइलपुर में शराब ने एक बार फिर जिस तरह से खुशियों में पलीता लगाया, उससे यह गुस्सा बेमतलब भी नहीं लगता। यहां आई एक बारात में शराब के नशे में धुत लड़के के भाई और उसके दोस्तों ने जमकर उत्पात किया। यह देखकर शादी के बाद सुखद भविष्य के सपने संजोए बैठी दुल्हन को बड़ा फैसला लेने पर मजबूर होना पड़ा। शादी के बाद नर्क जैसी जिंदगी के अहसास ने उसे इस कदर मजबूत कर दिया कि उसने शादी से ही इंकार कर दिया। घरवालों ने भी उसका साथ देने का एलान कर दिया। यह बात जब बारातियों को पता चली तो उनका सारा नशा हिरन हो गया। आनन-फानन में पंचायत बैठाई गई पर कई घंटे की माथापच्ची के बाद भी दुल्हन अपने फैसले से नहीं पलटी। नतीजतन बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।       
विज्ञापन

  गांव इस्माइलपुर निवासी भूपराम की पुत्री रीना पाल बीए में पढ़ रही है। बीते दिनों उसका विवाह बदायूं के उझानी स्थित गांव अब्दुल्लागंज निवासी राहुल पाल से तय हुआ था। भूपराम ने बताया कि शादी में सामान और खाने सहित कुल 2 लाख खर्च की बात तय हुई थी। 28 अप्रैल वह तिलक लेकर अब्दुल्लागंज गए थे। तिलक में बाइक, लड़के के परिवारवालों के कपड़े सहित 1.51 लाख की लगन लेकर गए थे। भूपराम का आरोप है कि तिलक के दौरान भी लड़के पक्ष के ज्यादातर लोगों ने शराब पी रखी थी। 51 हजार नकद न लाने की बात कहते हुए दूल्हे के भाई ने सामान से भरा थाल उनके ऊपर फेंक दिया था। मौके पर मौजूद महमानों ने किसी तरह समझा-बुझाकर बात खत्म करा दी थी। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोग वापस लौट गए थे। रविवार को रात दस बजे लड़के वाले बारात लेकर इस्माइलपुर पहुंचे। लड़की पक्ष के लोगों ने बारात की खूब आवभगत की। दुल्हन के भाई सत्यभान  ने बताया कि वरमाला के लिए तैयार होने के लिए वह रीना को आंवला में ब्यूटी पार्लर पर छोड़ आया। गांव में बारात का नाश्ता चल रहा था। इसी बीच दूल्हे का बड़ा भाई डॉ. अमरकांत अपने चार दोस्तों के साथ रीना को लेने पार्लर पहुंच गया। पांचों ने शराब पी रखी थी। ये लोग रीना को साथ ले जाने की जिद करने लगे। पार्लर संचालिका ने दुल्हन के भाई के साथ न आने के बाबत पूछा तो ये लोग उलझ गए। दुल्हन ने भी इनके साथ जाने से इंकार कर दिया। इस पर नशे में धुत अमरकांत व उसके दोस्त हंगामा करने लगे। रीना को जबरन ले जाने का प्रयास करने लगे। रीना ने फोन कर सत्यभान को पूरी बात बताई तो वह कुछ लोगों को लेकर ब्यूटी पार्लर पर पहुंच गया और रीना को गांव ले गया। बारात में ज्यादातर लोग शराब के नशे में धुत थे। रीना इस घटना से अंदर तक टूट गई। तिलक समारोह में पिता के अपमान को भी वह भूली नहीं थी। आखिरकार परिवारवालों से बात करने के बाद उसने शादी न करने का फैसला ले लिया। खाना खा रहे बारातियों को जब यह बात पता चली तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद दोनो पक्षों की पंचायत बैठी। कई घंटे की बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बन सकी। नतीजतन बारात को बिना दुल्हन के ही वापस होना पड़ा। 
एक लाख रुपये का लिया था कर्ज
बिशारतगंज। दो बेटियो के पिता भूपराम ने बड़ी बेटी कर विवाह मनौना गांव में किया था। छोटी बेटी रीना का विवाह धूमधाम से करने के लिए उन्होंने एक लाख रुपये का कर्ज लिया था। शादी में देने के लिए बाइक, बेड, फ्रिज, कूलर, अलमारी, बर्तन सहित काफी घरेलू सामान खरीदा था। 
विज्ञापन

नर्क बन जाती मेरी जिंदगी: रीना
भूपराम ने जब रीना को बताया कि उन्होंने कर्ज लिया है तो फफककर रो पड़ी, लेकिन अपने फैसले से नहीं डिगी। परिवार ने भी उसका पूरा साथ दिया। रीना को बारात लौटने को कोई मलाल नही है। कहती है कि शराबी परिवार में चली जाती तो जिदंगी नर्क बन जाती। 
दूल्हे की मान-मनौव्वल भी नहीं आई काम
राहुल को जब यह बात पता चली तो उसने रीना से काफी मान-मनोव्वल की। कहा कि उसकी तो कोई गलती नहीं है। भाई के किए की सजा उसे क्यों दी जा रही है। यदि ज्यादा परेशानी है तो शादी के तुरंत बाद वह रीना को लेकर अलग रहने लगेगा। राहुल के काफी समझाने के बाद भी रीना शादी के लिए तैयार नहीं हुई। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें