फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे किनारे टिसुआ के पास बुधवार सुबह करीब सात बजे एक ढाबे के पास चालक का शव उसके ही ट्रक के केबिन में मिला। ढाबा मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक की पहचान 27 वर्षीय धर्मेंद्र निवासी एनाखेड़ा थाना सदर मुक्तसर पंजाब के रूप में हुई है। चालक के बाएं हाथ में इंजेक्शन लगाने वाली सिरिंज लगी हुई थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक नशे का आदी था और नशे का इंजेक्शन लगाते ही ओवरडोज होने की वजह से उसकी मौत हो गई। चालक के पास मिले मोबाइल नंबर से उसके परिजनों व ट्रक मालिक को सूचना दी गई है। ढाबे पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह ट्रक मंगलवार दिन में ही रुका था। चालक शाम को खाना खाया और ट्रक में सोने को चला गया। बुधवार सुबह जब देखा तो केबिन में चालक मृत हालत में पड़ा था। ट्रक में भरे चावल को कोलकाता से पंजाब लेकर जा रहा था।
नेशनल हाईवे के ढाबों पर होती है मादक पदार्थों की बिक्री
नेशनल हाईवे किनारे अधिकांश ढाबों पर नशीले पदार्थों की बिक्री होती है, जो कि बाहर से आने वाले ट्रक चालकों को ऊंचे दामों पर उपलब्ध कराई जाती है। कुछ समय पहले पुलिस ने कुछ स्मैक तस्करों को पकड़ा। आरोपियों ने बताया कि वे ढाबों पर आने-जाने वाले ट्रक चालकों को ऊंचे दामों पर नशीले पदार्थ बेचते हैं। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मृतक चालक के परिजनों को सूचना दी गई है। संवाद