तार टूटने से रविवार को युवक की मौत के बाद भी लगातार हादसे
सोमवार शाम को भी हाईवोल्टेज से फुंक गए कई घरों में उपकरण
बरेली। मलूकपुर में रविवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से एक युवक की मौत होने के बाद भी लोहे के खंभों पर खिंची जर्जर लाइनों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। सोमवार को भी मलूकपुर के दो दर्जन से ज्यादा घरों की दीवारों में अचानक करंट उतर आया। तमाम लोगों को झटके भी लगे। इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सोमवार को दोपहर बाद बरसात की वजह से सीली घरों की दीवारों में करंट उतरने की सूचना बिजली निगम को दी गई लेकिन फिर भी विभाग का कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा। तमाम लोगों को घरों में करंट के झटके लगे तो वे घरों से बाहर निकल आए। मलूकपुर बजरिया के संजीव सैनी ने बताया कि दोपहर बाद एक पोल पर स्पार्किंग होने पर बिजली निगम को सूचना दी गई थी। इस पर सप्लाई बंद करके मरम्मत की गई थी। करीब दो घंटे बाद दोबारा सप्लाई चालू करते ही कई घरों में करंट उतर आया। धातु की चीजें या गीली दीवार छूते ही झटके लगने लगे तो दहशत में आए लोग घरों के बाहर निकल आए। इसकी सूचना बिजली निगम को दी गई मगर कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
बता दें कि मलूकपुर में लोहे के खंभों पर बिजली की काफी पुरानी लाइनें हैं जो जर्जर हो चुकी हैं। काफी समय से बिजली विभाग ने इन लाइनों की मरम्मत भी नहीं की है न ही इंसुलेटरों की जांच की है। माना जा रहा है कि बरसात में खंभों में उतरा करंट ही सीलन के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। लोगों का कहन है कि बिजली विभाग के अफसर इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं जबकि पूरा मोहल्ला हादसे की आशंका से डरा हुआ है। लोग दीवारों को छूने तक में घबरा रहे हैं।
मौत के परकाले बने हुए हैं झूलते तार
बरेली। घरों के ऊपर गुजर रही हाईटेंशन लाइन और गलियों में लटकते तारों के जंजाल से अब तक दर्जनों हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी बिजली निगम हादसों को रोकने की कोई पहल करने को तैयार नहीं है। नवादा शेखान में 23 जून को छत पर सो रहे युवक की हाथ बिजली के तार से छू जाने से मौत हो चुकी है। कई और मोहल्लों में भी घरों के ऊपर से गुजरती हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर गिरने से हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी बिजली निगम की ओर से इन लाइनों को शिफ्ट करने और गलियों में लटकते तारों को दुरुस्त करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
मलूकपुर में जिन जगहों पर लोहे के खंभे लगे हैं, उन्हें बदलने के लिए एसडीओ को निर्देश दिया गया है। मलूकपुर के अलावा दूसरे मोहल्लों में भी बिजली सप्लाई का सिस्टम जल्द सुधारा जाएगा। - राजेश शर्मा, एक्सईएन