हरिद्वार कुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई दूसरी ट्रेनों का भी संचालन शुरू
बरेली। नौ महीने बाद चली प्रयाग एक्सप्रेस रविवार को जंक्शन के प्लेटफार्म पर पहुंची तो यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ उसका इंतजार करती मिली। जंक्शन से करीब 70 यात्री इस ट्रेन से लखनऊ और प्रयाग के सफर पर रवाना हुए। वापसी में यह ट्रेन हरिद्वार तक जाएगी।
22 मार्च से बंद प्रयाग एक्सप्रेस रविवार को नियत समय पर शाम साढ़े पांच बजे जंक्शन से प्रयाग के लिए रवाना हुई। प्रयाग एक्सप्रेस लखनऊ से प्रयाग तक पैसेंजर बनकर चलती थी लेकिन अब इस ट्रेन को एक्सप्रेस बना दिया गया है। वापसी में सुबह 10.50 बजे जंक्शन पहुंचकर हरिद्वार के लिए रवाना होगी। इसके अलावा प्रयाग-इलाहाबाद एक्सप्रेस सुबह सवा साढ़े आठ बजे और प्रयाग-हरिद्वार एक्सप्रेस सुबह साढ़े नौ बजे जंक्शन पहुंचेगी। वाराणसी-हरिद्वार जनता एक्सप्रेस सुबह साढ़े आठ बजे जंक्शन आएगी। वहीं, 13 जनवरी से हावड़ा-हरिद्वार सुपरफास्ट कुंभ एक्सप्रेस भी चलेगी। कोहरे के कारण रद्द चल रही जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस भी 15 जनवरी से चलेगी। मुरादाबाद मंडल की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि माघ में यात्रियों की सहूलियत के लिए जंक्शन से हरिद्वार जाने वाली सभी ट्रेनें चला दी गई हैं। इन ट्रेनों के चलने से हरदोई, शाहजहांपुर, रामपुर आदि स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी। सभी ट्रेनें नियत समय के लिए चलाई गई हैं।