बरेली। जिले की सभी चीनी मिलों में 11 नवंबर से नए पेराई सत्र की शुरुआत होगी। शासन के निर्देश पर सभी मिल एक ही दिन चालू की जाएंगी। गन्ना विभाग ने मिलों को गन्ने का आवंटन कर दिया है, जबकि किसानों को पेराई शुरू होने से सप्ताहभर पहले से पर्चियों का वितरण किया जाएगा। जिले में इस बार 1,01,654 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ने की खेती हुई है।
जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने बताया कि चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अक्तूबर में ही पेराई सत्र शुरू कराने की तैयारी थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण कार्यक्रम टालना पड़ा। अब 11 नवंबर से सभी मिलों में पेराई शुरू कराने की तैयारी पूरी की जा रही है। इस बार फरीदपुर चीनी मिल को 80 सेंटरों से 245 लाख क्विंटल, मीरगंज मिल को 99 सेंटरों से 229 लाख क्विंटल और सेमीखेड़ा मिल को 14 सेंटरों से 89 लाख क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया है।
वहीं, पिछले साल शुरू हुई त्रिवटीनाथ चीनी मिल को इस बार छह सेंटरों से 19 लाख क्विंटल गन्ना दिया गया है। पिछले सत्र में अधिक गन्ना आवंटित होने के बावजूद तकनीकी खराबी के कारण मिल सुचारु रूप से नहीं चल सकी थी।