बिशारतगंज। मझगवां ब्लॉक के जलालनगर गांव में सीसी रोड का निर्माण करा रहे बरेली निवासी ठेकेदार सतीश यादव को गांव के कुछ दबंगों ने पीटकर घायल कर दिया। ठेकेदार ने रंगदारी मांगने व नकदी छीनने का आरोप लगाकर तहरीर दी है।थाना सुभाष नगर के मोहल्ला मढ़ीनाथ निवासी भाजपा नेता सतीश यादव की आशुतोष इंटरप्राइजेज नाम से फर्म है। वह मझगवां ब्लॉक की ओर से पंचम वित्त योजना के तहत स्वीकृत सीसी रोड का निर्माण जलालनगर गांव में करवा रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम अशफाक उर्फ बबलू अपने कुछ साथियों के साथ वहां आया और पूछा कि ठेकेदार कौन है। गालीगलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर इन लोगों ने ठेकेदार की पिटाई शुरू कर दी। सतीश का आरोप है कि हमलावरों ने भुगतान के लिए लाई गई 16 हजार की नकदी जेब से निकाल ली। मौके पर मौजूद मजदूरों ने उन्हें जैसे तैसे हमलावरों से बचाया। सतीश का आरोप है कुछ दिन पहले उनसे बीस हजार की रंगदारी मांगी थी। देने से मना करने पर घटना की गई है। बिशारतगंज थाना प्रभारी मेविस टॉक ने बताया कि मामले में जांच व कार्रवाई की जाएगी।
थाने का प्रभार देख रही ट्रेनी आईपीएस मैविस टॉक ने बताया तहरीर मिली है। हल्का दरोगा को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी। संवाद