बरेली। मनौना और गोपालपुर के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण दिसंबर 2024 तक पूरा नहीं हो सका। कार्यदायी संस्था ने इसको लेकर शासन में पत्राचार किया। अब अक्तूबर 2025 तक काम पूरा करने का समय मिला है।
जिले में समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय मनौना और गोपालपुर में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण होना है। इसके लिए शासन से 7.46 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। कार्यदायी संस्था के रूप में यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट काॅरपोरेशन लिमिटेड का चयन किया गया। दिसंबर 2024 तक इसका निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे।
प्रगति धीमी होने की वजह से यह काम समय से पूरा नहीं हो सका। समय बढ़वाने के लिए कार्यदायी संस्थान ने इसको लेकर शासन में पत्राचार किया। यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड के जेई अमित कुमार सिंह ने बताया अब नई समयसीमा मिली है। तय समय में काम पूरा कर लिया जाएगा।