बरेली। जिले के सात ग्रामीण मार्गों की दशा जल्द सुधरेगी। राज्य सड़क निधि से इन मार्गों पर 8.10 करोड़ रुपये की लागत से काम कराया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की ओर से जल्द टेंडर कराकर काम शुरू कराने का दावा है।
बजट से आनंदपुर पश्चिम से होते हुए बल्लिया शीशगढ़ मार्ग तक 1.35 किमी नवनिर्माण का काम होगा। इस कार्य पर एक करोड़ आठ लाख रुपये खर्च होंगे। इसी तरह शेरगढ़ में ब्योधा से मुहीउद्दीनपुर तक पक्की 1.86 किमी सड़क का निर्माण एक करोड़ 27 लाख से होगा। भोजीपुरा में मैमोर से ढकिया तक पक्की सड़क पर 1.43 किमी लेपन कार्य एक करोड़ चार लाख की लागत से होगा।
नेशनल पब्लिक स्कूल से मिशन एकेडमी स्कूल तक नहर किनारे 1.35 किमी सड़क निर्माण 75.14 लाख से होगा। भूड़ा फरीदपुर से धीमरी ब्रज मार्ग पर 1.05 किमी निर्माण कार्य 69.11 लाख से होगा। ग्राम नारकुंडा से तिलमाची तक दो किमी से अधिक सड़क निर्माण 69.11 लाख की लागत से कराया जाएगा। बहेड़ी-फरीदपुर मार्ग पर ढोडा नदी के पुल के पास 1.63 किमी मार्ग एक करोड़ छह लाख की लागत से बनेगा।
........................
वर्जन ...
जिले की सात ग्रामीण सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करके काम शुरू कराया जाएगा। -भगत सिंह, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड पीडब्ल्यूडी