हिंदू रक्षा दल के सदस्यों पर आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गुलड़िया/रामनगर। शिवनगर गांव की गोशाला में अव्यवस्था की सूचना पर पहुंचे हिंदू रक्षा दल के सदस्यों पर गोशाला के केयरटेकर ने मारपीट का आरोप लगाया है। प्रधान को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस मामले में दोनों तरफ से सोमवार को थाना सिरौली में तहरीर दी गई है।
सिरौली इलाके की ग्राम शिवनगर में अस्थाई रूप से गोशाला बनी हुई है। केयरटेकर गजराज ने आरोप लगाया कि रविवार को गोशाला में हिंदू रक्षा दल के सदस्य रोहित समेत कई लोग पहुंचे। यहां अव्यवस्था बताते हुए रुपयों की मांग की। इसपर केयरटेकर ने प्रधान से बात करने को कहा। आरोप है कि तभी सदस्य भड़क गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। झगड़ा बढ़ते देख केयरटेकर ने भी गांव से कुछ लोगों को बुला लिया। बताते हैं कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दिया। इस मामले में ग्राम प्रधान प्रवेश की ओर से आरोपियों के खिलाफ सिरौली थाने में तहरीर दी गई है।
ग्राम प्रधान प्रवेश कुमार ने बताया कि एक गाय की प्रसव के दौरान मौत हो गई। उसे दफनाने जा रहे थे। तभी यह लोग गोशाला में पहुंच गए और केयरटेकर के साथ मारपीट करने लगे। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर आई है। हलका प्रभारी जांच कर रहे हैं, जो भी सही होगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद