सात सीटर कार में सवार थे आठ लोग
आरआई मानवेंद्र सिंह के मुताबिक कार मय चालक सात सीटर है, जबकि हादसे के समय उसमें आठ लोग सवार थे। कार के व्यावसायिक इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। पूछताछ में कार मालिक सुमित गुप्ता ने बताया कि वह कार का निजी इस्तेमाल करते थे।
गांव मितापुर निवासी चालक फुरकान शनिवार को परिचित की शादी में जाने की बात कहकर कार ले गया था। इधर, फुरकान के पिता भूरे ने उनके इस बयान को झुठला दिया। उन्होंने बताया कि सुमित गुप्ता कार को किराये पर चलवाते थे। शादी में जाने के लिए भी कार किराये पर ली गई थी।
11 हजार किमी चली थी कार
कार का पंजीकरण मई 2022 में हुआ था। सर्विस सेंटर से कार का रिकॉर्ड निकलवाया गया है। इसमें पता लगा है कि पिछले महीने ही कार की सर्विस हुई थी। कार करीब 11 हजार किमी चली थी। टायर, इंजन, सीएनजी सिलिंडर सब कुछ ठीक था।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आमतौर पर इस तरह की कारों के टायर की उम्र 50 हजार किमी होती है। टायर ट्यूबलेस थे। पंक्चर होने की दशा में भी कार 100-200 किमी तक चल सकती थी। ऐसे में अचानक कार का टायर फटने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
अब तक नहीं दी गई तहरीर
मामले में सोमवार को तीसरे दिन भी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गई है। इस वजह से मामले में अब तक रिपोर्ट भी दर्ज नहीं हो सकी है। अभी कार और ट्रक का टेक्निकल मुआयना भी नहीं हो सका है। अधिकारियों का कहना है कि कार का सिर्फ ढांचा ही बचा है। डंपर में भी सिर्फ लोहा-लोहा ही शेष है। ऐसे में टेक्निकल मुआयना से भी काफी चीजें स्पष्ट नहीं होंगी।
25 लाख मुआवजे की मांग
बहेड़ी से विधायक व सपा के प्रदेश महासचिव अताउर रहमान ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। कहा कि गांव जाम के आठ लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट है। परिवार को आर्थिक सहायता की जरूरत है। संबंधित परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।