सुभाष नगर में खुदकुशी करने वाले अभय शर्मा के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
सात-आठ दिन से मायके चली गई थी पत्नी, पुलिस ने उतारा शव
बरेली। निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाले सुभाषनगर के संत गाडगेनगर निवासी 34 वर्षीय अभय शर्मा ने घर में ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर मौजूद उनके बड़े भाई ओम शर्मा ने बताया कि अभय शर्मा के परिवार में पत्नी रेखा और दो बच्चे हैं। रेखा सात-आठ दिन पहले मायके चली गई थीं और बुलाने पर भी वापस नहीं आईं। उनके भाई कभी-कभी शराब पी लेते थे और शनिवार को ड्यूटी नहीं गए थे। रविवार सुबह जब वह सोकर नहीं उठे तो भतीजा अभि शर्मा उन्हें जगाने गया लेकिन कमरा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से झांककर देखा तो कमरे में फंदे से अभय शर्मा का शव लटक रहा था। उन लोगों की सूचना पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने शव नीचे उतारा। अभय शर्मा ने पत्नी की साड़ी से ही कमरे के कुंडे में फंदा बांधकर खुदकुशी की थी। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर ही उन्होंने खुदकुशी की है।