भुता। गांव नवदिया निवासी शैलेंद्र सिंह (28) का शव रविवार सुबह करीब पांच बजे गांव के बाहर आम के पेड़ पर चादर के फंदे से लटका मिला। शाम को पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने के सामने हंगामा शुरू कर दिया। सीओ पर अभद्रता करने का आरोप लगाकर शव सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई विजय सिंह की तहरीर पर आठ रिश्तेदारों पर हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव दौलतपुर करेना के मजरा नवदिया के शैलेंद्र की पत्नी मायके गई हुई थीं। घर में केवल मां मौजूद थीं। भाई विजय के मुताबिक, शैलेंद्र का रिश्ते में भाभी लगने वाली नीतू से शनिवार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुछ दिन पहले भी किसी बात पर नीतू के मायके पक्ष के लोगों से मारपीट हुई थी। तब से शैलेंद्र परेशान थे। सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर चादर के फंदे से शैलेंद्र का शव लटका देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
मौके पर पहुंचे विजय सिंह ने नीतू पत्नी इंद्रपाल सिंह, सोनू सिंह, किशनवीर सिंह, अरुण सिंह, हरवीर सिंह, शिशुपाल सिंह, अभय सिंह व एक अन्य पर पर भाई की हत्या का आरोप लगाया। आरोप है कि उन लोगों ने फरीदपुर सीओ संदीप सिंह से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की तो सीओ ने अभद्रता की। गुस्साए परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। इसके बाद सीओ ने थाने आकर समझाया। तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। रिपोर्ट दर्ज करने के आश्वासन पर परिजनों ने रोड से शव हटाया। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।