बरेली। मऊ में आयोजित जूनियर बालक स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में बरेली की टीम ने फाइनल मुकाबले में लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज को 2-0 से हराया। इसके साथ ही 15 साल बाद पहली बार टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले शनिवार को ही खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में बरेली की टीम ने मजबूत मानी जाने वाली वाराणसी की टीम को मात दी।
फाइनल मैच में खेल के 14वें मिनट में बरेली के आनंद राज ने दो से तीन खिलाड़ियों को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में भेजने में कामयाबी हासिल की। इसके साथ ही टीम ने 1-0 की बढ़त ले ली। हाफ टाइम तक दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। 48वें मिनट में बरेली के अर्जुन और दिव्यांश मौर्य ने बेहतरीन मूव बनाया, हालांकि अर्जुन की किक को विरोधी गोलकीपर ने बचा लिया।
इसके बाद बरेली के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए 11 मिनट तक गेंद को अपने कब्जे में रखा। अंततः नीरज यादव ने कोई गलती न करते हुए गोल दागकर बरेली की जीत 2-0 से पक्की कर दी। टीम के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर बरेली डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। टीम के कोच और मैनेजर अविनाश शर्मा ने बताया कि इस टूर्नामेंट में बरेली का सफर बेहद शानदार रहा।