बरेली। प्रयागराज महाकुंभ से पहले बरेली परिक्षेत्र को 190 नई बसें मिलेंगी। इनमें 10 स्लीपर सहित 50 वॉल्वो बसें भी शामिल हैं। परिक्षेत्र और मुख्यालय स्तर पर इसके लिए प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से बसें बरेली आने लगेंगी।
अब तक रोडवेज के बेड़े में वॉल्वो बसें नहीं हैं। बरेली परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड और पीलीभीत डिपो की 32 जनरथ श्रेणी की एसी बसों का संचालन दिल्ली, लखनऊ, कानपुर और आगरा रूटों पर किया जाता है। इनमें कई पुरानी हो चुकी हैं। एसी श्रेणी की स्लीपर सेवा किसी डिपो में नहीं है। अब जनवरी के पहले सप्ताह से एसी श्रेणी की स्लीपर सेवा भी मिलने लगेगी।
परिक्षेत्र को सामान्य श्रेणी की 50 बसों का पहले ही आवंटन हो चुका है। ये बसें दिवाली से पहले मिलनी थीं, लेकिन किन्हीं कारणों से नहीं मिल सकीं। अब सामान्य श्रेणी की 140 बसें मिलेंगी। इसके साथ ही 10 वॉल्वो हाई एंड लग्जरी, 30 सेमी हाई वॉल्वो और 10 स्लीपर श्रेणी की वॉल्वो बसें भी मिलेंगी। सेवा प्रबंधक धनजी राम ने बताया कि महाकुंभ शुरू होने से पहले परिक्षेत्र को 10 स्लीपर एसी और 30 वॉल्वो समेत 190 बसें मिल जाएंगी।
चालकों की काउंसलिंग शुरू
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्रीय कार्यशाला में चालकों की काउंसलिंग शुरू करा दी गई है। चारों डिपो से रोजाना 10-10 चालकों को बुलाकर उनकी काउंसलिंग कराने के साथ स्वास्थ्य की जांच भी कराई जा रही है। रक्तचाप, शुगर जैसी बीमारियों से पीड़ित चालकों को दवाएं दी जा रही हैं। उनको लंबे रूटों के बजाय छोटे रूट पर भेजने के निर्देश चारों डिपो को दिए गए हैं। संवाद