बरेली। रोडवेज बस से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों का सफर आरामदेह होगा। परिक्षेत्र को 50 नई बसें मिल गई हैं। इनमें 20 बसें सोमवार को बरेली पहुंच गईं। मंगलवार को वन राज्यमंत्री अरुण कुमार और विधायक संजीव अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर इनमें 10 बसों को महाकुंभ के लिए रवाना किया।
बरेली परिक्षेत्र की 430 बसों को प्रयागराज महाकुंभ के लिए आवंटित किया गया है। बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो की 32 बसें रोजाना अप-डाउन करेंगी। पिछले दिनों समय सारिणी जारी करने के बाद प्रयागराज के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई। मंगलवार को वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार और विधायक संजीव अग्रवाल ने नई बसों को हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया।
सेवा प्रबंधक धनजीराम ने बताया कि प्रयागराज की बसों में ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी दी जाएगी। बस अड्डों पर ट्रेनों की समय सारिणी की तरह एलईडी स्क्रीन पर बसों की समय सारिणी प्रदर्शित की जा रही है। इस मौके पर एआरएम संजीव श्रीवास्तव, अरुण कुमार वाजपेयी आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद