बरेली। सड़क हादसों में हो रही मौतों का ग्राफ कम करने के लिए एसएसपी ने पहल की है। उन्होंने सालभर में हुए हादसे का आंकड़ा निकालकर ब्लैकस्पॉट चिह्नित कराए हैं। भोजीपुरा क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं होने के कारण सबसे अधिक ब्लैक स्पॉट इसी इलाके में चिह्नित किए गए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने पिछली साल हुए सड़क हादसों के बारे में जानकारी कराई तो पता लगा कि उन स्थानों पर अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं जहां से भारी वाहन गुजरते हैं। भोजीपुरा इलाके में नैनीताल हाईवे पर सबसे अधिक 8 सड़क दुर्घटनाएं हुई थी। इसके अलावा भमोरा और शाही में 7-7 दुर्घटनाएं हुई। इज्जतनगर, बिथरी और बहेड़ी में 6-6 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं बारादरी क्षेत्र में 5 घटनाएं दर्ज की गई हैं। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्र के आंकड़ों के हिसाब से ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने थाना प्रभारियों से कहा है कि वह सात दिन के अंदर सभी ब्लैक स्पॉट का भौतिक निरीक्षण कर हादसे रोकने के लिए की गई कार्रवाई के बारे में अवगत कराएं। निरीक्षण करने में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दुर्घटनाएं रोकने को एसपी यातायात को भी निर्देश दिए गए हैं। उन्हें निर्माण आदि से संबंधित दूसरे विभागों के सक्षम अधिकारियों से समन्वय कर ब्लैक स्पॉट खत्म करने के लिए कहा गया है। अमर उजाला ब्यूरो