नवाबगंज फोटो 4 गंगापुर गांव में डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को उतारते ग्रामीण
- फोटो : अधिकारियों से पूछताछ करते एसडीएम।
नवाबगंज। बीती 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर क्षेत्र के गंगापुर गांव में लगी डॉ. भीमराव आंबेडकर की फ्लैक्स को एक ग्रामीण की शिकायत पर बुधवार को पुलिस प्रशासन ने उतरवा दिया। जब पुलिस बल फ्लैक्स उतरवा रहा था तो वहां मौजूद बाबा साहब के अनुयायी फूट फूटकर रोने लगे। अधिकारियों के जाते ही ग्रामीणों ने फ्लैक्स पुन: लगा ली।
विकासखंड भदपुरा की ग्राम पंचायत बड़ा गांव के मजरा गंगापुर में एक चबूतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना कि हर साल बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती अनुमति लेकर मनाई जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस चबूतरे पर कोई प्रतिमा नहीं लगी हुई है। सिर्फ़ बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की एक फ्लैक्स लगाकर हर साल उनकी जयंती मनाते हैं।
बीती 14 अप्रैल को भी भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई थी। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने देवस्थान की जगह बताकर एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय से इसकी शिकायत की थी, जिस पर बुधवार को ग्राम के लेखपाल और पुलिस टीम ने गांव जाकर चबूतरे पर लगी बाबा साहब की फ्लैक्स उतरवा दी।
इस दौरान वहां मौजूद दर्जनों महिला-पुरुष और बच्चे रोने लगे। शाम को एक बार फिर ग्रामीणों ने वहीं फ्लैक्स फिर लगा दी। इस मामले में कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर राजस्व टीम के साथ पुलिस गांव गई थी। लेखपाल ने वह जगह देवस्थान की बताई है। टीम के कहने पर ग्रामीणों ने फ्लैक्स ली है। अगर फ्लैक्स फिर लगा ली गई हैं तो एसडीएम के आदेशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मामला मेरे संज्ञान में आया है। राजस्व और पुलिस को भेजकर देवस्थान से फ्लैक्स हटवा दिया गया है। यदि फ्लैक्स दोबारा लगाई गई है तो उसे फिर हटवाया जाएगा। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - अजय कुमार उपाध्याय, एसडीएम