बरेली। पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार जावेद अली को धमकी देने के आरोपी को बारादरी पुलिस ने रायबरेली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बदायूं का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान कर दिया।
मंगलवार रात एक व्यक्ति ने फाइक एन्क्लेव निवासी पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार जावेद अली को व्हाट्सएप कॉल व मेसेज करके गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर हत्या की धमकी दी थी। जावेद अली ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह धमकी शरीफ अहमद नाम के व्यक्ति ने दी। वह बदायूं जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शेखूपुर का निवासी है। उसकी लोकेशन रायबरेली के मिल बाजार में मिली। पुलिस टीम रविवार को उसे गिरफ्तार कर बरेली ले आई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पंजाब के अमृतसर के अजनाला स्थित कोहली स्कूल के पते पर सिम लिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तीन साल पहले वह जावेद ठेकेदार के मेट के तौर पर काम करता था और उसकी कुछ रकम बकाया है। इसी वजह से उसने जावेद से गाली-गलौज की एवं व्हाट्सएप पर अपमानजनक बातें लिखी थीं। पुलिस ने उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से पांच लाख के मुचलके पर रिहा कर दिया गया।