बरेली। तापमान के उतार-चढ़ाव से बच्चा वार्ड फिर फुल हो गया है। बुधवार को डायरिया की चपेट में रहे नौ बच्चों की हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया, पर रात आठ बजे तक दस नए बच्चे भर्ती होने से सभी बेड भर गए। बीमार बच्चों का इलाज जारी है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप गुप्ता के मुताबिक, बादल मंडराने से बीते दिनों के सापेक्ष गर्मी से हल्की राहत मिली है। खानपान में सावधानी न बरतने और बच्चों को बासी दूध देने या दूषित पानी पिलाने से उनकी पाचन क्रिया प्रभावित हो रही है। उल्टी, दस्त, तेज बुखार के साथ शरीर में झटके लगने की स्थिति होने पर अभिभावक बच्चों को लेकर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि 24 घंटे बाद भी यदि बच्चों में दस्त, उल्टी की शिकायत दिखे तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। ब्यूरो