वीडियो बनाकर वायरल करने की दी धमकी, चार आरोपियों पर रिपोर्ट, दो गिरफ्तार
सीबीगंज। फोटो खिंचवाने जा रही किशोरी को चार युवकों ने रेलवे कॉलोनी के खंडहर में ले जाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना का वीडियो भी बना लिया। विरोध करने पर किशोरी को रॉड से पीटा और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने तीन नामजद समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी को जिला अस्पताल भेजा गया है। सीओ द्वितीय योगेंद्र सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया।
सीबीगंज स्थित इंटर कॉलेज में 11वीं में पढ़ने वाली 15 वर्षीय किशोरी बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे फोटो खिंचवाने जा रही थी। जब वह रेलवे कॉलोनी के खंडहर के पास पहुंची तो वहां बैठे सर्वोदयनगर निवासी मोहित, अंकित गुप्ता, सुमित और एक अज्ञात ने उसे पकड़ लिया और अंदर खींच ले गए। वहां चारों ने उससे दुष्कर्म किया। विरोध करने पर लोहे की रॉड से पिटाई की। वीडियो भी बना ली और किसी को बताने पर वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों के जाने के बाद किशोरी ने घर पहुंचकर पूरा घटनाक्रम बताया। थाने पहुंचे किशोरी के पिता ने मोहित, अंकित गुप्ता, सुमित और एक अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोहित और सुमित को गिरफ्तार कर लिया है।