मोबाइल पर पत्नी को तीन तलाक की धमकी देना पुराना शहर के दंपती को भारी पड़ गया। कट्टरपंथी पड़ोसियों का दबाव है कि पत्नी बगैर हलाला किए अब पति के साथ नहीं रह सकती। इंकार करने पर दोनों को पीट तक दिया और जान से मारने की भी धमकी दे डाली। बुधवार को पीड़ित औरत मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी के साथ एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय से मिली तो उन्होंने सीओ थर्ड को मामले की जांच करने का आदेश दिया है।
बारादरी के मोहल्ला सूफी टोला वशीरी मस्जिद के पास रहने वाली शहनाज पति शाहिद के साथ ससुराल वालों से अलग किराये के मकान में रह रही है। सूफी टोला में ही शहनाज का मायका भी है। कुछ महीने पहले शाहिद नौकरी करने सऊदी अरब चला गया था। इधर शहनाज का किसी बात पर ससुराल वालों से झगड़ा हो गया। शाहिद को इसका पता लगा तो उसने शहनाज से फोन पर बात की। उसे डांट लगाते हुए यह भी कह दिया कि अगर वह नहीं सुधरी तो वह उसे तलाक दे देगा।
खुद शहनाज ने ही शाहिद के फोन पर तलाक देने की धमकी देने का कुछ लोगों से जिक्र किया तो मामला तूल पकड़ गया। शाहिद जब सऊदी से लौटने के बाद शहनाज के पास गया तो कट्टरपंथियों ने विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक शहनाज हलाला नहीं कराएगी, वे उसे शाहिद के साथ नहीं रहने देंगे। शाहिद ने इसका विरोध किया तो उसे पीट भी दिया।
शहनाज का आरोप है कि दबंग कट्टरपंथी दो नवंबर को उसके घर में घुस आए। उससे और उसके बच्चों के साथ भी मारपीट की। अब धमकी दे रहे हैं कि अगर वह हलाला नहीं कराएगी तो हुक्का-पानी बंद करने के साथ मोहल्ले से भी निकाल देंगे। शहनाज का कहना है कि उसके पति ने उसे तलाक दिया ही नहीं, इसके बावजूद उस पर हलाला का दबाव बनाते हुए कट्टरपंथी हत्या की धमकी दे रहे हैं। उसने एसएसपी से कट्टरपंथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि महिला पर हलाला का दबाव बनाने संबंधी शिकायत आई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ थर्ड को दी गई है। शिकायत सही निकली तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।