बरेली। तीन तलाक पीड़ित महिलाओं के साथ मेरा हक फाउंडेशन ने जश्ने आजादी का पर्व गढैया स्थित कार्यालय आयोजित किया। इसमें देश की आजादी के साथ ही मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक से आजादी का भी जश्न मनाया। ध्वजारोहण के बाद मिठाईयां भी बांटी गईं।
इस मौके पर तीन तलाक पीड़िताओं की लड़ाई लड़ने वाली फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने कहा कि वैसे तो आजादी का जश्न सभी मना रहे हैं, लेकिन इस बार स्वतंत्रता दिवस तीन तलाक पीड़िताओं के लिए बहुत खास रहा। आजादी के 73 साल पूरे हो गए, मगर मुस्लिम समुदाय में तीन तलाक जैसी कुप्रथा के रहते महिलाएं आजाद नहीं थीं, आज वह आजाद हैं। फरहत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने ही तीन तलाक से आजादी दिलाई है। सही मायने में मुस्लिम महिलाओं के लिए यही आजादी है। इस दौरान रूहीना खातून, फरहा खान, रेहाना, यासमीन, अनअमता, सबा खान, नसरीन, सईफा बेगम आदि शामिल रहीं।