मीरगंज। पिछला मामला वापस न लेने पर किशोरी से रास्ते में पांच लोगों ने छेड़खानी कर उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की भी धमकी दे डाली। किशोरी के पिता ने एडीजी जोन से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
विज्ञापन
पीड़ित ने बताया कि 11 नवंबर को 30 सितंबर को बेटी के साथ हुई छेड़खानी के मामले में बयान दर्ज कराकर आ रहे थे। वह नल नगरिया पर गाड़ी से उतरकर बेटी के साथ घर जा रहे थे। तभी पांच लोगों ने उसे और बेटी को घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इससे भी आरोपियों का मन नहीं भरा तो बेटी से छेड़खानी कर कपड़े फाड़ दिए। रिपोर्ट वापस न लेने पर तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी।
पीड़िता ने स्कूल जाना छोड़ा
पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी मीरगंज के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा है। उसने आरोपियों के डर की वजह से काॅलेज जाना छोड़ दिया है। एडीजी जोन ने सीओ मीरगंज को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। संवाद