बरेली। लॉकडाउन के चलते स्कूल-कॉलेजों के साथ ही कोचिंग सेंटर भी बंद हैं। ऐसे में संजयनगर की एक छात्रा मोहल्ले में अपनी एक परिचित से ट्यूशन पढ़ने जाती है। मंगलवार सुबह वहां से लौटते वक्त मोहल्ले के ही तीन शोहदों ने उसे रास्ते में रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर उससे मारपीट की। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हुए तो शोहदे भाग निकले। छात्रा परिजन के साथ शिकायत करने मॉडल टाउन चौकी पहुंची तो पुलिस ने उसकी तहरीर लेने से मना कर दिया।
बारादरी क्षेत्र के संजयनगर की एक 16 वर्षीय छात्रा स्कूल बंद होने के चलते मोहल्ले की ही अपनी एक परिचित के घर ट्यूशन पढ़ने जाती है। छात्रा ने बताया कि कुछ दिनों से मोहल्ले के ही कुछ शोहदे उसे परेशान कर रहे हैं। राह चलते अक्सर भद्दे कमेंट करते हैं। मंगलवार सुबह ट्यूशन से लौटते वक्त तीन शोहदों ने रास्ते में उसका हाथ पकड़कर रोक लिया और छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर उससे मारपीट की। छात्रा के परिजन ने बताया कि चौकी पर उनकी शिकायत सुनी तो गई, लेकिन पुलिस ने तहरीर नहीं ली।