दुनका। टीईटी की फर्जी मार्कशीट लगाकर नौकरी कर रहे शिक्षक को बर्खास्त कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामला शेरगढ़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सीहोर का है। खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार भारती ने बताया कि शेरगढ़ के गांव सीहोर के प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक कमल सिंह की शिक्षक पात्रता परीक्षा 2011 की मार्कशीट कूटरचित पाई गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी और सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा की गई जांच में इसकी पुष्टि हुई है।
प्राथमिक विद्यालय सीहोर में 14 अगस्त 2014 को बतौर सहायक अध्यापक कमल सिंह को नियुक्त किया गया था। तभी से वह वहां कार्यरत था। शासन एवं जिला स्तर से जांच के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया। इधर, थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद