बरेली। विज्ञापन पट लगाने वाली तीन फर्मों ने नगर निगम से किए गए अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किया। साथ ही, 1.86 करोड़ रुपये भी नहीं जमा किए। वसूली के लिए शुक्रवार को दोबारा नोटिस दिए गए। अगर अब भी बकाया जमा नहीं किया तो इन फर्मों की ओर से लगाए गए विज्ञापन पट हटाए जाएंगे। विज्ञापन प्रभारी और अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि एडटैक प्रिंट एंड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड को पांच दिन पहले 1,85,22,650 रुपये जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था। फर्म ने न तो शुल्क जमा किया, न ही विज्ञापन पट हटाए। श्री साईं एडवरटाइजर्स को 61,976 रुपये जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था। तय समय सीमा बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया। एडमेकर को 1,08,481 रुपये जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था, मगर फर्म ने सिर्फ पचास हजार रुपये जमा किए। अब दोबारा नोटिस दिए गए हैं। कुल नौ में से छह फर्मों ने 40 लाख रुपये बकाया जमा किया है। शेष तीन से वसूली के लिए कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो