रेल मंत्रालय ने बरेली, रामनगर, उरई और पटियाला स्टेशनों पर बहुउद्देशीय काम्पलेक्स बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए रेल भूमि विकास प्राधिकरण ने पीपीपी मॉडल पर प्रस्तावित मॉल के लिए इच्छुक फर्मों से टेंडर आमंत्रित किए हैं। ये टेंडर 23 अगस्त को खोले जाएंगे। बहुउद्देश्यीय कांपलेक्स में जंक्शन पर यात्रियों को गुणवत्ता युक्त खानपान और अन्य सेवाएं मिल सकेंगी। पिछले दिनों रेलवे ने तमाम स्टेशनों पर खाली जमीन का कामर्शियल उपयोग करने के लिए सर्वे कराया था। नामित सर्वे एजेंसी ने बरेली जंक्शन स्थित आरक्षण केंद्र के पास खाली जमीन पर बहुउद्देशीय काम्पलेक्स बनाने की संस्तुति की थी। सर्वे एजेंसी ने रामनगर (उत्तराखंड), पटियाला और उरई स्टेशनों पर भी मल्टी फंक्शनल काम्पलेक्स बनाना उपयुक्त पाया। इसके बाद रेल भूमि विकास प्राधिकरण ने पीपीपी मॉडल से इन चारों स्टेशनों के लिए भी निविदाएं मांगी हैं। प्राधिकरण 45 वर्षों के लिए अपनी शर्तों पर जमीन उपलब्ध कराएगा।
प्रस्तावित सुविधाएं
ठहरने के कमरे (एसी/ नान एसी)
डारमेट्री
कम्यूनिटी सेंटर
रेंस्त्रा
बैंक्वेट
रिटेल शापिंग
फूड प्लाजा
एटीएम
क्लीनिक/ फार्मेसी
कैफे
इंटरनेट/ पीसीओ
बुक स्टाल
क्लॉक रूम
प्रीपेड टैक्सी बूथ
पर्यटन सूचना केंद्र आदि
कहां कितना निर्माण/ वर्ग मीटर
स्टेशन एरिया निर्माण
बरेली जंक्शन 811.35 1217.03
रामनगर 2800 3360
उरई 2000 3000
पटियाला 1381.60 2072.40
टेंडर खुलने की तिथि 23 अगस्त
संतोष ने उठाया था मामला
बरेली। पिछले एक वर्ष में तीन बार रेल मंत्री बरेली आए हैं। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री संतोष गंगवार ने बरेली जंक्शन स्थित खाली भूमि पर कामर्शियल निर्माण, परसाखेड़ा डेमू कारखाना और शाहदाना स्थित माल गोदाम भूमि पर कोई कारखाना आदि बनाने के सुझाव दिए थे। इसके बाद रेलवे ने कुछ स्टेशनों पर मॉल बनाने के लिए सर्वे कराए। इसमें बरेली जंक्शन योजना शामिल हो गया।