बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में एक शिक्षिका का तबादला नहीं हुआ तो उसने सहकर्मियों पर धर्मांतरण की कोशिश और मारपीट का आरोप लगा दिया। शिकायत पर जांच कराई गई तो आरोप झूठे निकले।
बरेली जिले के बहेड़ी ब्लॉक के एक कंपोजिट विद्यालय की शिक्षिका ने साथियों पर धर्मांतरण की कोशिश करने का आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत की। जांच में आरोप फर्जी साबित हुए। पता लगा कि तबादले की कोशिश में यह कहानी गढ़ी गई है। जांच रिपोर्ट बीएसए को भेजी गई है, उन्हीं के स्तर से कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक और एक सहायक अध्यापक पर धर्मांतरण का दबाव बनाने और विरोध करने पर 17 मई को विद्यालय परिसर में ही मारपीट करने का आरोप लगाया। यह भी कहा कि बहेड़ी थाने में तहरीर दी थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
अब सीएम को पत्र लिखा है। एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी उत्तरी को जांच सौंपी। उन्होंने लोगों के बयान लिए और रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी। एसपी ने बताया कि धर्मांतरण या हमले जैसा कोई मामला नहीं है। शिक्षिका स्कूल से तबादला कराना चाहती है। बीएसए संजय सिंह ने कहा कि विभागीय जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।