बरेली। क्षय रोग उन्मूलन के लिए सौ दिवसीय विशेष सघन रोगी खोज अभियान फरवरी में शुरू होगा। स्वास्थ्य महानिदेशक ने सीएमओ को दिशानिर्देश जारी किए हैं। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बुजुर्ग, गंभीर संदिग्ध रोगी, मलिन बस्तियाें में टीबी स्क्रीनिंग की जाएगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन के मुताबिक, सघन टीबी खोज अभियान दिसंबर 2024 से शुरू हुआ था। नतीजा रहा कि वर्ष 2015 के सापेक्ष प्रति एक लाख व्यक्तियों में मरीजों की संख्या और टीबी से होने वाली मृत्यु में 17 फीसदी की कमी आई।
विभाग ने एक बार फिर से फरवरी में सघन टीबी रोगी खोज अभियान चलाने का निर्णय लिया है। स्कूलों में निबंध, पोस्टर प्रतियोगिता से बच्चों काे जागरूक किया जाएगा। माई भारत वालंटियर्स व अन्य पंजीकृत निक्षय मित्रों का सहयोग लिया जाएगा। सभी कारागार, मलिन बस्ती में टीबी स्क्रीनिंग होगी। ब्यूरो
ये है अभियान की रणनीति
ओपीडी पहुंचने वालों में से स्वास्थ्य केंद्रों पर पांच फीसदी और जिला अस्पताल, मेडिकल काॅलेजों से 10 फीसदी लोगों की टीबी जांच जरूरी।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से टीबी जांच के लिए सैंपल ट्रांसपोर्टरों व्यवस्था कराना, बुजुर्गों व गंभीर मरीजों की हरसंभव जांच अनिवार्य।
स्थानीय गैर सरकारी संगठन, काॅरपोरेट, विभागों, संस्थानों को निक्षय मित्र बनाना, लोगों को लक्षण, जांच के प्रति जागरूक करना।