टैंकर की चपेट में आने से शनिवार सुबह ई-रिक्शा पर सवार युवक रिंकू की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिंकू बदायूं से शादी समारोह में शामिल होने के लिए आंवला आया हुआ था। खरीदारी को जाते समय यह हादसा हुआ।
परिजनों के अनुसार, बदायूं जिले के थाना दातागंज के अभयपुर गांव निवासी 32 वर्षीय रिंकू एक दिन पहले हरदासपुर गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए हुए थे। शनिवार सुबह जरूरी सामान की खरीददारी करने अपने रिश्ते के भाई सुनील पांडेय के साथ आंवला कस्बे में आए थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन रोड स्थित वीरांगना अवंतीवाई चौक पर सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार सभी पांचों गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर चिकित्सकों ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके साथी जनपद बदायूं के ग्राम बमियाना निवासी सुनील पांडेय की हालत नाजुक बनी हुई है। संवाद
हादसे के बाद टैंकर चालक भाग गया
कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि सिरौली के ग्राम कटौती आलमपुर निवासी घायल छोटेलाल, रामस्वरूप व एक अन्य निवासी का इलाज चल रहा है, जबकि टैंकर चालक मौके से भाग गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। संवाद
-
शादी से घर आ रहे युवक की हादसे में मौत
भमोरा। बहन के घर शादी की दावत से आ रहे युवक की देवचरा बल्लिया चौराहे पर वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव मनौना निवासी 25 वर्षीय चंद्रपाल सीबीगंज के गांव चंद्रपुर निवासी अपनी बहन के घर से शनिवार सुबह शादी समारोह से लौट रहे थे कि देवचरा बल्लिया चौराहे पर वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे चंद्रपाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। चंद्रपाल की मौत की खबर सुनकर पत्नी सोनवती का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ भमोरा सनी चौधरी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
ट्रेन से गिरकर पश्चिम बंगाल के युवक की मौत
भोजीपुरा। रेलवे स्टेशन भोजीपुरा पर ट्रेन से फिसलकर गिरे युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने युवक की पहचान 35 वर्षीय अब्बास अली के रूप में की है। रेलवे पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम कराकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया।
जीआरपी के अनुसार, शुक्रवार की शाम 7:30 बजे भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन रुकने से पहले ही युवक अब्बास अली ट्रेन से उतरा, लेकिन ट्रेन की रफ्तार अधिक होने से ट्रेन के नीचे आ गया। अब्बास ट्रेन से बुरी तरह कट गया। स्टेशन मास्टर भोजीपुरा की सूचना पर जीआरपी भोजीपुरा ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। सूचना पर उसके रिश्तेदार भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव चंदपुर निवासी अरमान आ गए। संवाद
-
बच्चे को बचाने में बाइक असंतुलित होकर ई-रिक्शा में घुसी
भंडसर। बच्चे को बचाने के चक्कर में बाइक असंतुलित होकर ई-रिक्शा में घुस गई, जिस पर सवार दो युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बरेली के मोहल्ला जसोली निवासी ज्ञान प्रकाश, उनका भतीजा गंगाराम शनिवार को तहसील नवाबगंज से लौटकर बाइक द्वारा वापस अपने घर जा रहे थे कि विलय धाम के समय अचानक मार्ग में बच्चा आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक ई-रिक्शा में घुस गई। संवाद
मध्य प्रदेश में नौकरी करने गए युवक की करंट से मौत
सिरौली। मध्य प्रदेश में नौकरी करने गए गांव पट्टी निवासी युवक पवन की करंट लगने से मौत हो गई। शनिवार को सूचना मिलने पर परिजन मध्य प्रदेश रवाना हो गए। पुलिस के अनुसार, गांव का पवन मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में मेहनत मजदूरी करता था। शुक्रवार को उसकी बिजली करंट लगने से मौत हो गई। बताते हैं कि उसकी शादी दो साल पूर्व हुई थी। हादसे के बाद से गांव में मातम पसर गया है। संवाद
भमोरा। मृतक चंद्रपाल का फाइल फोटो