फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: आंवला निकाय में घोटाला जांचेगी टीएसी, ईओ से मांगे अभिलेख

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। आंवला नगर पालिका के सभासदों ने मंडलायुक्त को शपथपत्र देकर अध्यक्ष के खिलाफ 25 बिंदुओं पर शिकायत की है। करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। मंडलायुक्त ने ग्राम्य विकास विभाग की तकनीकी जांच समिति (टीएसी) को जांच सौंपी है। टीएसी के प्राविधिक परीक्षक ने ईओ से फाइलें तलब कर ली हैं। हालांकि, ये दस्तावेज अब तक उन्हें मिले नहीं हैं। घोटाला खुलने की आशंका में निकाय में खलबली मच गई है।
विज्ञापन

आंवला के मोहल्ला गौसिया चौक निवासी विशंभर दयाल, सभासद सूरज पाल मौर्य, माया, रानी देवी, सचिन गुप्ता ने मंडलायुक्त को शिकायती पत्र देकर बताया कि सैय्यद आबिद अली पहले भी वर्ष 2012 से 2017 तक नगर पालिका के चेयरमैन रहे हैं। उस दौरान भी उन्होंने घोटाला किया था। तब 13.65 लाख रुपये की रिकवरी हुई थी। वर्तमान में आउटसोर्सिंग कर्मियों की लिस्ट में चेयरमैन के चहेतों के भी नाम हैं। वे गलत बिल-वॉउचरों पर हस्ताक्षर कर सरकारी धन का बंदरबांट कर रहे हैं। आउटसोर्सिंग के 15 कर्मी चेयरमैन के घर व व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लगे हैं। ठेका कर्मियों के पीएफ के 32 लाख रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है।
सभासदों का आरोप है कि निकाय क्षेत्र में 1.80 करोड़ से 300 खंभे, लाइटें व केबल लगवाए गए हैं, जो निम्न गुणवत्ता के हैं। मोहल्ला कटरा बाग बख्शी में ब्रांडेड पाइप डालने की बात थी, लेकिन निम्न दर्जे का पाइप डलवाया है। लाइटों व अन्य सामान की खरीदारी एक ही फर्म से की जा रही है। चेयरमैन इस फर्म में साझीदार भी हैं। चेयरमैन पारिवारिक कार्यों के लिए भी निकाय के पैसे से डीजल डलवा रहे हैं। कस्बे में साइन बोर्ड, अलाव, कंबल, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, डामर रोड, नालों के निर्माण में भी घोटाले का दावा शिकायतकर्ताओं ने किया है।
विज्ञापन

ईओ से ये अभिलेख मांगे
प्राविधिक परीक्षक ने संबंधित आरोपों से अतिरिक्त बोर्ड बैठक की कार्रवाई पंजिका, एजेंडा पंजिका, पिछले दो वर्षों में क्रय किए गए डीजल से संबंधित भुगतान पंजिका, निकाय के वाहनों की सूची, नलकूपों का विवरण और लॉग बुक आदि दस्तावेज भी तलब किए हैं। साथ ही, आउटसोर्सिंग कर्मियों व उनको आवंटित कार्यों की सूची, जून 2023 से अब तक खरीदी गई सामग्री की सूची, भुगतान व ठेकेदारों का विवरण और वर्ष 2023-24 से अब तक अलाव के लिए लकड़ी व कंबल खरीद से जुड़े अभिलेख भी मांगे हैं। संवाद

टीएसी के प्राविधिक परीक्षक का पत्र मिला है, पर हम बाहर हैं। अगले सप्ताह तक दस्तावेज उनके पास पहुंचा दिए जाएंगे। - जितेंद्र कुमार, ईओ आंवला

शिकायतकर्ता विशंभर दयाल पूर्व चेयरमैन का ड्राइवर है। वह ठेका कर्मी था। पांच साल तक घर बैठे पगार लेता रहा। उसे कार्यमुक्त कर दिया तो वह फर्जी शिकायतें कर रहा है। भाई के नाम से कोई ठेका नहीं दिया। जिसके संबंध में आरोप है वह मिर्जापुर सीसी रोड का ठेका हसीब को मिला था। आउटसोर्स कर्मियों के दो-तीन माह का पीएफ ठेकेदार ने जमा नहीं किया है, नोटिस दी है। वर्ष 2017 में हमारे विरुद्ध गलत ढंग से रिकवरी हुई थी। - सैय्यद आबिद अली, चेयरमैन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें