स्वामी चिन्मयानंद मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर काम कर रही एसआईटी ने शुक्रवार को स्वामी को गिरफ्तार करने के बाद आरोप लगाने वाली छात्रा के दोस्त पर भी शिकंजा कस दिया। छात्रा के करीबी दोस्त संजय सिंह को दो अन्य लोगों के साथ चिन्मयानंद से फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
तीनों आरोपियों को मेडिकल टेस्ट के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां जांच होने के बाद सभी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मालूम हो कि छात्रा के दोस्त संजय सिंह पर स्वामी चिन्मयानंद से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के आरोप हैं।
बताते हैं कि स्वामी के आपत्तिजनक वीडियो, छात्रा के दोस्त संजय के हाथ लगे तो उसके दिमाग में स्वामी से रंगदारी मांगने का आइडिया आया। बात पांच करोड़ से शुरू हुई तो स्वामी चिन्मयानंद हक्के-बक्के रह गए। स्वामी ने अपने ही कुछ खास लोगों को संजय को मनाने के लिए लगाया, लेकिन वह रुपये कम नहीं कर रहा था।
जैसे-तैसे बात एक करोड़ तक आई और फिर 25 लाख पर आकर अटक गई। यहां पर स्वामी के खासमखास बन रहे लोगों ने इससे भी कम में मामला निपटा देने का आश्वासन उन्हें दे दिया। इधर मामले में जब देरी हुई तो छात्रा ने स्वामी पर गंभीर आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल कर दिया और दिल्ली पहुंच गई।