बरेली। स्वच्छ सर्वेक्षण में बरेली को देश के अग्रणी शहरों की कतार में खड़ा करने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में इससे जुड़े विभिन्न मानकों और वास्तविक स्थिति की पड़ताल की गई। जल्द ही स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम शहर आने की उम्मीद है।
नगर आयुक्त ने कहा कि इस बार बरेली का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 10 शहरों में स्थान बनाना है। इसके लिए उन्होंने सफाई निरीक्षकों, सफाई नायकों, स्वच्छता मित्रों और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लगे कार्मिकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। शहर को खुले में शौच मुक्त बनाए रखने और गार्बेज फ्री सिटी के मानकों पर बात की गई। दृश्य स्वच्छता, कूड़े के पृथक्करण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर दिया। जल प्रबंधन, कीचड़ हटाने की सेवाओं के यंत्रीकरण और स्वच्छता अभियान में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। सफाई नायकों को उनके वार्ड के बारे में बताया गया। स्वच्छता कर्मचारियों के कल्याण और जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण को भी अनिवार्य बताया गया। बैठक में अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानू प्रकाश शामिल रहे। संवाद