टिकट के अपने दावेदारों का दम कांग्रेस के बड़े नेता 29 जुलाई को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर रैली स्थल पर होने वाली बैठक में परखेंगे। जिले से टिकट मांगने वालों को 15-15 समर्थकों के साथ बैठक में बुलाया गया है। समर्थकों से भी दावेदार की मजबूती और उनकी छवि के बारे में अलग-अलग जानकारी ली जाएगी। टिकट के लिए दावेदारों के सामने यह अलग तरह की चुनौती है। माना जा रहा है कि समर्थकों के साथ बैठक बुलाने के प्रयोग से हल्के दावेदार मैदान से बाहर हो जाएंगे। इससे टिकट के लिए दावा ठोकने वालों की भीड़ भी छंट जाएगी।
कांग्रेस ने टिकट के दावेदारों से कुछ समय पहले विधानसभा क्षेत्र के 20-20 समर्थकों के नाम, नंबर और पते की लिस्ट मांग ली थी। लखनऊ में इनमें से ही 15 लोगों को लाने के निर्देश प्रत्येक प्रत्याशी को दिए गए हैं। जिलाध्यक्ष के जरिए यह भी कहलवा दिया गया है कि जिन्हें वे लखनऊ लाना चाहते हैं, उनके नाम की लिस्ट हर हाल में दो दिन पहले तक उपलब्ध करा दें। खास बात यह है कि सारे प्रत्याशियों के सभी 15-15 समर्थकों को लखनऊ जाते समय अपना आधार कार्ड और वोटर आईडी भी ले आने को कहा गया है ताकि यह साबित किया जा सके कि वह दावेदार की विधानसभा क्षेत्र के ही हैं। जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय ने बताया कि पार्टी हाईकमान के आदेश की जानकारी सारे दावेदारों को दे दी गई है। इस बैठक में जिला और महानगर कमेटी के अलावा ब्लाक अध्यक्षों तथा फ्रंटल संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है। टिकट के बाबत उनसे भी विचार-विमर्श किया जाएगा।