सरकार के सहयोग से शहर में पहला वृद्धाश्रम लाल फाटक पर खुलेगा। संचालन समाज कल्याण विभाग की देखरेख में होगा। इसके लिए सरकार ने पहली किस्त के रूप में 14 लाख रुपये समाज कल्याण विभाग को भेज दिए हैं।
प्रदेश के 15 जिलों में वृद्धाश्रम खोले जाने हैं, जिनमें बरेली भी शामिल है। इनका संचालन किसी सामाजिक संस्था द्वारा किया जाएगा, लेकिन देखरेख समाज कल्याण विभाग करेगा। इसमें बुजुर्गों के रहने, खाने, कपड़ों और मनोरंजन की व्यवस्थाएं होंगी। वृद्धाश्रम चलाने वाले एनजीओ पर नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर कमेटी रहेगी, जिसके अध्यक्ष डीएम होंगे। समिति में डीएम के अलावा एसएसपी, सीएमओ, एसडीएम, दो सामाजिक कार्यकर्ता, पेंशनर और स्वयंसेवी संगठन सदस्य होंगे। जिला सचिव समाज कल्याण अधिकारी रहेंगे। यदि कोई व्यक्ति घर के बुजुर्गों को अपने पास रखना नहीं चाहता, लेकिन उनका खर्चा देने को तैयार है तो ऐसे बुजुर्गों को भी वृद्धाश्रम में रख लिया जाएगा।
यहां यह वृद्धाश्रम लाल फाटक के पास स्थित लतादीप पब्लिक स्कूल में खुलेगा, जिसकी बिल्डिंग किराए पर ले ली गई है। इसी बिल्डिंग में महिला वृद्धाश्रम पहले से संचालित है। समाज कल्याण अधिकारी राकेश गुप्ता ने बताया कि वृद्धाश्रम के लिए सामान मसलन बेड, गद्दे, चादर, तकिया, कूलर पंखा, वॉटर कूलर, रसोई का सामान, फर्नीचर आदि खरीदने के लिए 14 लाख रुपये सरकार ने जारी कर दिए है। इस वृद्धाश्रम में महिला व पुरुष मिलाकर अधिकतम 60 बुजुर्गों को रखा जा सकता है। वृद्धाश्रम के संचालन की तैयारी लगभग पूरी है, जिसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।