बरेली। अवैध तरीके से बरातघर समेत अन्य प्रतिष्ठानों को डीजल बेचने वाले गिरोह को पकड़ने में रविवार को जिला पूर्ति विभाग की टीम सफल रही। वाहन चालक के बयान के आधार पर राजेंद्रनगर के रहने वाले वाहन स्वामी, मिलक के वाहन चालक, मीरगंज और अमरिया पीलीभीत के मेसर्स के. नंदी रिफाइनरी के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह के मुताबिक, रविवार दोपहर पीलीभीत बाईपास स्थित स्पर्श लॉन के सामने छोटा हाथी (लोडर) में लादकर अवैध रूप से डीजल बेचे जाने की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल टीम गठित कर धरपकड़ के लिए पुलिस पीआरवी को शामिल किया गया। मौके पर पहुंचने पर डीजल की अवैध बिक्री कर रहे वाहन चालक को पकड़कर पुलिस चौकी जोगी नवादा लाया गया। जांच कराने पर पता चला कि छोटा हाथी में अवैध रूप से एक हजार लीटर क्षमता का टैंक स्थापित किया गया था।
इसमें अवैध तरीके से डिस्पेंसिंग यूनिट भी स्थापित की गई थी। टैंक में अप मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ भरा था। प्रकरण में वाहन चालक के बयान के आधार पर वाहन स्वामी राजेंद्रनगर के रहने वाले रमेश गुप्ता, वाहन चालक रामपुर मिलक के रहने वाले राकेश, मीरगंज और अमरिया पीलीभीत की फर्म मेसर्स के. नंदी रिफाइनरी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। वाहन थाना बारादरी में खड़ा करा लिया गया है।