बिजली सप्लाई में अफसरों और कर्मचारियों की मनमानी चल रही है। दिन भर सुधार कार्य के नाम पर पूरी पोषक लाइनें बंद करा दी जाती हैं। रविवार को सिंधु नगर में एक ट्रांसफार्मर धराशायी हो गया। इसे सही कराने के नाम आधा दर्जन मोहल्लों की सप्लाई बंद कर दी गई। अवकाश के दिन भी लोगों को पूरी सप्लाई नहीं मिल पायी। शहर में विभिन्न स्थानों पर हो रहे कार्य समय से पूरे नहीं हो पाए। जिससे एकता नगर, राजेंद्रनगर, डीडीपुरम, पुराना शहर आदि इलाकों में देर शाम तक सप्लाई प्रभावित रही। सुधार कार्य में मनमानी होने से लोग गर्मी में बेहाल रहे।
पुराना शहर स्थित सिंधु नगर में रविवार सुबह पौने आठ बजे अचानक एक ट्रांसफार्मर ठप हो गया। इससे पानी सप्लाई भी प्रभावित हो गयी। लोगाें ने एसडीओ शाहदाना और सिविल लाइंस 66 केवी स्टेशन से फोन पर संपर्क किया लेकिन बिजी टोन मिलती रही। किसी तरह जगतपुर उपकेंद्र जेई से संपर्क हो पाया तब कहीं ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू हो पाई दोपहर दो बजे तक सप्लाई सामान्य हो पायी। इससे राम वाटिका, कटरा चांद खां, आजाद नगर, सूफी टोला आदि इलाके प्रभावित रहे। क्योंकि स्टाफ ने ट्रांसफार्मर बदलते समय पूरी पोषक लाइन ही बंद कर दी।
आज यहां नहीं आएगी बिजली
सोमवार सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक इज्जतनगर, आकाश पुरम, सतीपुर, आजाद नगर, अशोक नगर, धर्मकांटा, पानी टंकी, धोबी चौराहा, गोपाल नगर, कीर्ति नगर, डीडीपुरम आदि इलाकों में सुधार और ट्रांसफार्मर मरम्मत का काम होगा। अधिशासी अभियंता नंद लाल ने बताया कि इस दौरान सप्लाई प्रभावित रहेगी।