कुछ लोग कॉलोनी से सड़क निकालने की कर रहे हैं कोशिश
बरेली। सनसिटी विस्तार कॉलोनी में पीलीभीत बाईपास की ओर प्लॉटिंग कर रहे कुछ लोगों ने कॉलोनी से होकर सड़क बनाने के लिए चहारदीवारी तोड़ दी। कॉलोनी के लोगों ने विरोध किया तो उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई। पुलिस को फोन किया तो दीवार तोड़ रहे लोग मौके से भाग गए।
कॉलोनी के ही चंद्रशेखर, वर्मेश्वर पांडेय, रामबाबू वर्मा, अनिल कुमार, अतर खान, वीपी सिंह आदि ने बताया कि कॉलोनी की दीवार से सटा हुआ पार्क है। यहीं कॉलोनी की सीमा समाप्त हो जाती है। इसी के पीछे हिस्से में एक व्यक्ति की जमीन है। वह दीवार तोड़कर कॉलोनी की सड़क से अपनी सड़क मिलाना चाहता है। अभी वह अपनी जमीन में प्लॉटिंग कर रहा है। पहले भी वह दीवार तोड़ने की धमकी दे चुका है।
मंगलवार को उसने कुछ लोगों को बुलाकर दीवार तोड़नी शुरू कर दी। कॉलोनी के लोगों को पता चला तो वे इकट्ठे होकर हंगामा करने लगे। इस पर दीवार तोड़ रहे लोगों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। इस पर कॉलोनी के लोगों ने यूपी-112 पर फोन कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दीवार तोड़ रहे लोग भाग गए। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि दीवार तोड़ने की घटना आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। इसकी जानकारी भी उन्हाेंने पुलिस को दे दी है।